बल्दीराय के हलियापुर में हाथी को खिलाने के लिए तैयार की जा रही रोटी।
सुल्तानपुर। बल्दीराय के हलियापुर में पेड़ से बंधे हाथी को खिलाने-पिलाने के लिए वन विभाग के साथ ग्रामीणों ने भी सहयोग किया। वन विभाग की टीम ने मोटी रोटी बनाई तो ग्रामीणों ने गूलर, पीपल, खीरा, लौकी और केला की व्यवस्था की। पशु चिकित्सक ने हाथी की जांच करके उसे खिलाने के लिए विटामिन की दवाइयां दीं।
अयोध्या जिले के भीखम का पुरवा निवासी महावत रोजन सोमवार को हाथी लेकर मालिक अवनीश कुमार यादव निवासी देवलपुर थाना बंधुआकलां के यहां ले जा रहा था। हलियापुर के पास महावत को हाथी के साथ वन विभाग की टीम ने पकड़ लिया था। लाइसेंस नहीं दिखाने पर वन विभाग ने मंगलवार को महावत को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। बुधवार को कोर्ट ने महावत की जमानत अर्जी खारिज कर दी।
बल्दीराय के वन दरोगा राकेश पांडेय, जय श्याम समेत वन विभाग की टीम ने हाथी के लिए रोटी बनवाई। ग्रामीण बुधवार को दिन भर हाथी के लिए गुड़, केला, गन्ने का पौध लाकर खिलाते रहे।