सुल्तानपुर। जिले में अपराधियों में पुलिस का खौफ पैदा करने के साथ ही आम लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास पैदा करना प्राथमिकता होगी। ये बातें नवागत एसपी शिवहरि मीणा ने कहीं। शनिवार को जिले की कमान संभालने के बाद वे मीडिया से मुखातिब थे।
राजस्थान के मूल निवासी शिवहरि मीणा 2010 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। शिवहरि मीणा ने बताया कि जिले में अपराधियों में पुलिस का खौफ जरूर होना चाहिए। इसके साथ ही थाने पहुंचने वाले फरियादियों के साथ पुलिस का व्यवहार मित्रवत होना चाहिए।
इससे आम लोगों में पुलिस के प्रति नजरिया बदलता है। उन्होंने कहा कि शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर रणनीति तैयार की जाएगी। इससे पहले शिवहरि मीणा गाजियाबाद में एसपी सिटी, रायबरेली, बस्ती, कासगंज में एसपी रह चुके हैं।