सुल्तानपुर। भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती से परेशान ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। जिले के पांच विद्युत उपकेंद्रों से जुड़े 10 फीडरों को 31 जुलाई तक 24 घंटे बिजली आपूर्ति मिलेगी। इन उपकेंद्रों से जुड़े करीब दो लाख की आबादी को कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। ग्रामीण क्षेत्रों के लिए निर्धारित रोस्टर 18 घंटे का ही रहेगा।
पारेषण खंड ने 220 केवी उपकेंद्र पयागीपुर से कूरेभार, असरोगा, कुड़वार, रामगंज और पकड़ी उपकेंद्रों को 24 घंटे आपूर्ति देने का आदेश जारी किया है। वर्तमान में इन उपकेंद्रों से जुड़े कूरेभार, धनपतगंज, बंधुआकला, रामनगर, कुड़वार, सरकौड़ा, रामगंज, शिवगढ़, पकड़ी और धम्मौर फीडर इस समय ओवरलोड चल रहे हैं।
बिजली विभाग के अधिकारियों के मुताबिक गर्मी में मांग बढ़ने से फीडरों पर बार-बार फाॅल्ट हो रहे थे। खराबी तलाशने घंटों लग जाते थे। अब पांचों उपकेंद्रों पर 24 घंटे बिजली उपलब्ध रहने से फाॅल्ट ठीक होते ही स्थानीय स्तर पर तुरंत आपूर्ति बहाल की जा सकेगी।
बाधित हुई आपूर्ति का समय बाद में करेंगे पूरा
अधीक्षण अभियंता वीके जैन ने बताया कि नई व्यवस्था लागू होने के बाद फाॅल्ट या ब्रेकडाउन के दौरान बाधित हुई बिजली आपूर्ति का समय बाद में पूरा किया जाएगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में तय 18 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। वितरण व्यवस्था सामान्य रहने पर उपभोक्ताओं को पहले की तुलना में अधिक निर्बाध बिजली मिल सकेगी।