सुल्तानपुर। जिला टेबल टेनिस एसोसिएशन के अंतर्गत अभ्यासरत जिले के पांच खिलाड़ियों ने बाराबंकी में हुई मंडलीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। मंडलीय टीम में खिलाड़ियों का चयन होने पर खेल प्रेमियों ने खुशी जताई है।
बाराबंकी जनपद में सोमवार को मंडल स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। विद्यालय स्तर पर आयोजित इस प्रतियोगिता के बालक वर्ग में जिले के एमजीएस इंटर कॉलेज के आर्यन पांडेय, आदर्श मिश्र व मो. साकिब ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
वहीं, बालिका वर्ग में रामकली विद्यालय की छात्रा बुशरा सत्तार व साक्षी रावत ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया। पांचों खिलाड़ियों के अच्छे प्रदर्शन पर उनका चयन मंडलीय टीम में हुआ है।
टेबल टेनिस संघ के आरिफ नियाज ने बताया कि जिले के चयनित खिलाड़ी 23 व 24 सितंबर को हरदोई में होने वाली स्टेट लेवल चैंपियनशिप में प्रतिभाग करेंगे। इन खिलाड़ियों के चयन पर जिला क्रीड़ा अधिकारी शीला भट्टाचार्या, विनीत, विशाल, प्रमोद सिंह, दिलीप सिंह ने खुशी जताई है।