फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sultanpur News: सड़क दुर्घटनाओं में महिला समेत पांच लोगों की मौत

Sun, 19 Apr 2026 12:11 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सुल्तानपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
वलीपुर/ धम्मौर। जिले के अलग-अलग स्थानों पर हुई सड़क दुर्घटनाओं में महिला समेत पांच लोगों की मौत हो गई। हादसे में दो लोग घायल भी हुए हैं। पहली दुर्घटना बल्दीराय के पूरे सबल महादेवन के पास शनिवार सुबह सात बजे हुई। इसके पहले शुक्रवार रात धम्मौर के बनकेपुर के पास सड़क दुर्घटना में घायल एक युवक की मौत हो गई। बल्दीराय के पूरे सबल महादेवन के पास शनिवार सुबह सात बजे दो बाइकों की भिड़ंत हो गई। एक बाइक पर सवार अयोध्या जिले के इनायतनगर के मारेमा सेवरा निवासी राम जी मौर्य (28) की मौत हो गई। दूसरी बाइक पर सवार अयोध्या के पूरे गोसाई मजरे अंजरौली निवासी प्रेमदीप (26) घायल हो गए।
विज्ञापन

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार राम जी मौर्य ने हेलमेट नहीं पहना था। पूरे सबल महादेवन के पास दूसरी दिशा से आ रही बाइक से वह टकरा गए। रामजी को एंबुलेंस से बल्दीराय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां पर चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। प्रेमदीप को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों ने बताया कि राम जी अपनी ससुराल गौरा बारामऊ निवासी रामकृपाल मौर्य के यहां शादी समारोह में गए थे। शनिवार सुबह वह घर लौट रहे थे।
प्रभारी निरीक्षक बल्दीराय राय महेंद्र प्रताप सिंह बताया कि बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं पहना था। राम जी की दो संतानें हैं। एक पुत्र व एक पुत्री है। उनकी पत्नी का नाम सोनी है। उनकी मौत से परिवार में चीख-पुकार मची है।
विज्ञापन

उधर, सुल्तानपुर-रायबरेली हाईवे पर शुक्रवार रात बनकेपुर के पास धम्मौर की ओर जा रहे बाइक सवार बंधुआकला निवासी अनुज मिश्र (30) व विजय गुप्ता (26) एक ट्रक में पीछे से टकरा गए। दुर्घटना में अनुज मिश्र की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना शुक्रवार की रात करीब नौ बजे हुई। ट्रक आगे जा रहा था। बाइक अनुज मिश्र चला रहे थे। उन्होंने हेलमेट नहीं पहना था। विजय गुप्ता पीछे बैठे थे। ट्रक से टकराने के बाद दोनों जख्मी हो गए। घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। चिकित्सक ने अनुज को मृत घोषित कर दिया, जबकि विजय का इलाज चल रहा है। धम्मौर थाने के प्रभारी निरीक्षक विपेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
वहीं, कूरेभार के नचना निवासी पवन पाठक (35) गत सोमवार को लखनऊ में एक सड़क दुर्घटना में घायल हो गए। ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान शनिवार को उनकी मौत हो गई। पवन लखनऊ में रहकर एक निजी कंपनी में नौकरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी मौत का पता चलने के बाद परिवार में चीख-पुकार मची है।
दोस्तपुर के अखंडनगर के बनगवांडीह निवासी होमगार्ड राम दयाल सिंह (46) शनिवार की रात करीब नौ बजे दोस्तपुर से बाइक से घर जाने के लिए निकले थे। बढ़ौली गांव के पास सड़क के किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्राॅली में पीछे से वह टकरा गए। घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार उन्होंने हेलमेट नहीं पहना था। थानाध्यक्ष दोस्तपुर नारद मुनि सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
चांदा के महारानी पश्चिम गांव के पास शनिवार दोपहर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से कटरही निवासी प्रभावती पाल (57) गम्भीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें स्थानीय सीएचसी से मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर रेफर किया गया। वहां से उन्हें ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। रास्ते में उनकी मौत हो गई। चांदा थानाध्यक्ष अमित मिश्र ने बताया कि तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें