सुल्तानपुर। विवाहिता को दहेज के लिए प्रताड़ित कर बेघर करने सहित अन्य आरोपों से जुड़े मामले में अपर सिविल जज/ न्यायिक मजिस्ट्रेट मनीष कुमार की अदालत ने बृहस्पतिवार को फैसला सुनाया। अदालत ने दोषी पति रामहरख सहित पांच ससुरालीजन को तीन साल के कारावास और प्रत्येक को छह हजार रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई है।
अमेठी जिले के मुंशीगंज के सरायखेमा की रहने वाली गुड़िया देवी ने 30 दिसंबर 2015 की घटना बताते हुए अदालत में परिवाद दर्ज कराया था। पीड़िता के आरोप के मुताबिक उनका विवाह वर्ष 2004 में अमेठी जिले के बाजार शुकुल के महोना पश्चिम निवासी रामहरख से हुई थी। आरोप है कि पति सहित अन्य ससुरालीजन 10 लाख रुपये व जीप की मांग कर उन्हें प्रताड़ित करते रहे।
पीड़िता के मुताबिक 15 दिसंबर 2015 को आरोपी ससुरालीजनों ने उन्हें पीटा था। उन्होंने बाजार शुकुल थाने में एनसीआर दर्ज कराई थी। इससे नाराज होकर पति रामहरख, जेठ भारतलाल व शंभू सिंह, जेठानी शीला व दुखराजा ने उन्हें 15 दिन बाद पीटकर घर से निकाल दिया। स्थानीय थाने पर शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने अदालत की शरण ली। अदालत ने पति सहित पांच आरोपियों को सुनवाई के लिए तलब किया था। इस दौरान अभियोजन पक्ष के अधिवक्ता ने अपने साक्ष्यों व गवाहों को पेश किया। वहीं बचाव पक्ष ने आरोपियों को बेकसूर बताया।