सुल्तानपुर। मध्य प्रदेश के रीवां में स्थित विंडम फॉल पर पिकनिक मनाने गए जिले के पांच युवक स्नान के दौरान पानी में डूब गए। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने चार को बचा लिया, जबकि एक युवक की पानी में डूबने से मौत हो गई। सोमवार को जब शव घर पहुंचा तो कोहराम मच गया।
नगर क्षेत्र के दरियापुर निवासी समीर, शोएब, जहीर, साजिद और जीशान रविवार को कार से मध्य प्रदेश के रीवा में स्थित विंडम फॉल पिकनिक मनाने गए थे। विंडम फॉल में स्नान करने के दौरान पांचों दोस्त पानी में डूब गए।
स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने समीर, शोएब, जहीर और साजिद को बचा लिया, जबकि जीशान (19) की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया। सोमवार को मध्य प्रदेश से शव जब घर पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया। परिवारीजनों ने गमगीन माहौल में शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया।