सुल्तानपुर। पंचायत चुुनाव के पहले चरण के नामांकन के लिए प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। आदर्श चुनाव आचार संहिता के अनुपालन एवं शांतिपूर्ण व निष्पक्ष चुनाव के लिए नामांकन स्थल के बाहर व भीतर रहने वाले लोगों पर कैमरे की नजर रहेगी। शांति व्यवस्था के लिए पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई है। पहले चरण का नामांकन आज सुबह से शुरू होगा। दो दिन नामांकन के बाद पर्चे की जांच होगी। नामांकन स्थल पर भीड़ रोकने के लिए जिले मे धारा 144 लागू कर प्रत्याशियों के जुलूस निकालने पर रोक लगा दी गई है।
सुबह आठ से चार बजे तक होगा नामांकन
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत सोमवार से पहले चरण का नामांकन शुरू होगा। जिला पंचायत का नामांकन शहर स्थित जिला पंचायत सभागार में व क्षेत्र पंचायत सदस्यों का नामांकन संबंधित ब्लॉकों में होगा। पहले चरण का नामांकन सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक सोमवार व मंगलवार को किया जा सकेगा।
इन ब्लॉकों में होगा पहले चरण का नामांकन
पहले चरण में जिला पंचायत के वार्ड संख्या 11 से 24 व 28 का नामांकन होगा। क्षेत्र पंचायत सदस्यों का नामांकन धनपतगंज, कूरेभार, जयसिंहपुर व मोतिगरपुर ब्लॉक में होगा। पहले चरण में इन्हीं डीडीसी वार्डों व ब्लॉकों में बीडीसी के चुनाव होंगे।
नामांकन स्थलों की कराई गई बैरिकेडिंग
पहलेचरण के नामांकन के लिए प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। नामांकन कक्ष में भीड़ जाने से रोकने के लिए जिला पंचायत व चारों ब्लॉकों में बैरिकेडिंग करा दी गई है। मुख्य गेट से ही लोग अंदर प्रवेश पा सकेंगे।
अफसरों ने लिया जायजा
सोमवार से शुरू हो रही पहले चरण की नामांकन प्रक्रिया की तैयारियों का रविवार को अपर जिलाधिकारी प्रशासन कृष्णलाल तिवारी एवं एएसपी प्रद्युम्न सिंह ने जायजा लिया।
अंदर व बाहर की होगी वीडियोग्राफी
स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव कराने के उद्देश्य से नामांकन स्थलों के भीतर व बाहर कैमरे की व्यवस्था की गई है। अंदर व बाहर के लोग कैमरे की नजर में लोग रहेंगे। नामांकन स्थल की वीडियो रिकॉर्डिंग होगी। कहीं कुछ गड़बड़ी मिलने पर अधिकारी तुरंत पहुंचेंगे।