जिले का पहला राजकीय महिला डिग्री कॉलेज अमेठी तहसील के बेनीपुर गांव में बनेगा। केंद्र सरकार की मांग पर जिला प्रशासन ने कॉलेज के लिए भूमि तीन हेक्टेयर भूमि आरक्षित करने के साथ ही इसकी पत्रावली प्रदेश के माध्यम से केंद्र सरकार को भेज दी है। चूंकि केंद्र सरकार की ओर से ही कॉलेज के लिए जिला प्रशासन से निशुल्क भूमि मांगी गई थी ऐसे में प्रस्ताव पर मुहर लगना तय माना जा रहा है।
बीते लोकसभा चुनाव के दौरान केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी अमेठी के विकास को लेकर कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी से रोज एक सवाल पूछती थीं। प्रतिदिन पूछे गए सवालों में एक सवाल यह भी था कि राहुल अपने संसदीय क्षेत्र में एक भी राजकीय महिला डिग्री कॉलेज क्यों नहीं खोल पाए। अब जबकि स्मृति चुनाव हारने के बावजूद केंद्र सरकार में मानव संसाधन विकास मंत्री हैं तो उन्होंने अपने सवालों का खुद ही उत्तर देना शुरू कर दिया है।
इसी क्रम में पंद्रह दिन पूर्व जिले के दौरे पर आईं केंद्रीय मंत्री ने जिला प्रशासन से जिले के पहले राजकीय महिला डिग्री कॉलेज की स्थापना के लिए निशुल्क जमीन उपलब्ध कराने को कहा था। केंद्रीय मंत्री के निर्देश पर जिला प्रशासन ने अमेठी तहसील के बेनीपुर गांव (अमेठी-धम्मौर मार्ग पर शहर से तीन किमी दूर) में 3.035 हेक्टेयर जमीन चिह्नित कर इसे कॉलेज के लिए आरक्षित कर दिया है। सूत्रों के मुताबिक कॉलेज के लिए पर्याप्त भूमि आवंटन के बाद प्रशासन ने संबंधित पत्रावली की प्रति केंद्र सरकार को भेजकर जल्द कॉलेज निर्माण शुरू कराने को कहा है। डीएम जगतराज त्रिपाठी ने कॉलेज के लिए बेनीपुर में जमीन सुरक्षित करने की पुष्टि की है। राजकीय महिला डिग्री कॉलेज बनने से क्षेत्र की छात्राओं को उच्च शिक्षा हासिल करने में सहूलियत मिलेगी। आसपास के लोगों को परोक्ष रोजगार का अवसर भी मिलेगा।