सुल्तानपुर। कादीपुर क्षेत्र में शनिवार की सुबह भूमि विवाद में एक युवक पर पूर्व विधायक के परिवारीजनों ने फायरिंग कर दी। गोली लगने से युवक घायल हो गया। युवक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल से ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया है। पुलिस ने घायल युवक की पत्नी की तहरीर पर चार नामजद समेत पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपियों में पूर्व विधायक के पुत्र व पौत्र को गिरफ्तार करने के साथ पुलिस ने घटना में इस्तेमाल रिवॉल्वर भी बरामद कर लिया है।
खतीवपुर गांव निवासी पूर्व विधायक स्व. काशी प्रसाद पांडेय के पुत्र भगवती प्रसाद पांडेय का गांव के ही रामचंद्र उपाध्याय से आबादी की जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। शनिवार की सुबह करीब आठ बजे दोनों पक्षों में विवादित जमीन पर कब्जा करने को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते पूर्व विधायक स्व. काशी प्रसाद पांडेय के पौत्र अनुभव पांडेय पुत्र भगवती प्रसाद पांडेय ने पिता की लाइसेंसी रिवॉल्वर से रामचंद्र उपाध्याय (38) पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। फायरिंग से रामचंद्र को गोली लग गई और वह जमीन पर गिर पड़ा। घायल रामचंद्र को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही एएसपी विपुल श्रीवास्तव व सीओ डॉ. कृष्णकांत सरोज मौके पर पहुंच गए। इंस्पेक्टर उमेश्वर प्रताप यादव ने बताया कि रामचंद्र की पत्नी पूनम की तहरीर पर पूर्व विधायक स्व. काशी प्रसाद पांडेय के पुत्र भगवती प्रसाद पांडेय, अनुभव पांडेय, प्रीति पांडेय पत्नी अनुभव पांडेय, अभिजीत पांडेय और एक अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। हमले में शामिल भगवती प्रसाद पांडेय और उनके बेटे अनुभव पांडेय को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त रिवॉल्वर को कब्जे में ले लिया गया है।