दूबेपुर (सुल्तानपुर)। सुल्तानपुर से लखनऊ जा रही बस की सीट पर बैठने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद ने तूल पकड़ा तो दूसरे पक्ष ने पीछा करते हुए बस पर बैठे यात्री को निशाना बनाकर फायर कर दिया। हालांकि बस में बैठा युवक बाल-बाल बच गया, जबकि शीशा चकनाचूर हो गया। पुलिस ने बस परिचालक की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
सुल्तानपुर से शनिवार की दोपहर रोडवेज बस अड्डे पर लखनऊ जा रही बस की सीट पर बैठने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। रोडवेज बस अड्डे पर किसी तरह मामला शांत हो गया। इसके बाद नाराज युवक बस से नीचे उतर गया और किसी को फोन कर दिया। इस दौरान बस लखनऊ के लिए रवाना हो गई।
बस धम्मौर थाना क्षेत्र के सहाबागंज बाजार के निकट पहुंची थी। तभी बाइक सवार दो युवकों ने बस को ओवरटेक करके रुकने का इशारा किया। बस चालक ने बस को नहीं रोका। इस दौरान एक युवक ने बस के अंदर बैठे यात्री को निशाना बनाकर असलहे से फायर कर दिया। गोली बस के शीशे में लगी।
फायरिंग के बाद दोनों युवक फरार हो गए। फायरिंग से बस का शीशा टूट गया और उस पर सवार यात्री बाल-बाल बच गए। घटना की सूचना मिलते ही एसओ धम्मौर रवि कुमार सिंह ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की जांच की।
एसओ ने बताया कि दो युवकों के बीच बस स्टॉप पर सीट पर बैठने को लेकर कहासुनी हुई थी। विवाद में शा मिल एक लड़का उसी बस पर सवार था। उसे मारने की नीयत से लोग आए थे। परिचालक की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की तफ्तीश की जा रही है।