अिग्श्नशमन कर्मी का रुपये लेते हुए वीडियो वायरल
सुल्तानपुर। दीपावली त्योहार पर अस्थायी रूप से पटाखा बिक्री का लाइसेंस देने के नाम पर घूस लेने का अग्निशमन कर्मी का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ। मामले की गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने अग्निशमन कर्मी को निलंबित कर दिया है। इस प्रकरण की जांच की जा रही है।
दीपावली पर्व पर शहर के खुर्शीद क्लब मैदान समेत अन्य स्थानों पर अस्थायी रूप से 210 पटाखा की दुकानों का लाइसेंस जारी किया गया था। अग्निशमन विभाग की ओर से आवेदकों से पटाखा लाइसेंस देने के लिए सुविधा शुल्क लिए जाने का एक वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसमें अग्निशमन कर्मी पैसा लेते हुए दिख रहा है।
हालांकि, अमर उजाला इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। इध्धर, प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा ने मुख्य अग्निशमन अधिकारी संजय शर्मा से रिपोर्ट मांगी। आखिरकार सीएफओ को अपने ही विभागीय कर्मी के खिलाफ रिपोर्ट देनी पड़ी। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस अधीक्षक ने अग्निशमन कर्मी सत्य प्रकाश को निलंबित कर दिया।
पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया दोषी मिलने पर अग्निशमन विभाग के कर्मचारी को निलंबित कर दिया गया है। प्रकरण की जांच सीओ सिटी को सौंपी गई है।
पटाखा दुकानदारों से वसूले एक-एक हजार!
सुल्तानपुर। जिले में दीपावली पर अलग-अलग स्थानोें पर 210 आवेदकों को अस्थायी रूप से पटाखा बिक्री का लाइसेेंस दिया गया। आख्या लगवाने के लिए लोग 25 अक्तूबर से अग्निशमन विभाग के चक्कर लगा रहे थे। एक पटाखा विक्रेता ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि मुख्य अग्निशमन अधिकारी तो कार्यालय में बैठते ही नहीं थे। आवेदकों को लाइसेंस देने का जिम्मा जिस कर्मचारी को दे दिया गया था, वह बिना पैसे लिए किसी का काम नहीं कर रहा था। दुकानदारों से एक-एक हजार रुपये लिया जा रहा था। खुर्शीद क्लब मैदान में दुकान लगाने के लिए ठेकेदार को अलग से पैसा देना पड़ा था। तब कहीं जाकर दुकान लगाने को मिली। इस घटना से विभागीय साख पर आंच आ गई है।