सुल्तानपुर। नगर कोतवाली क्षेत्र के विनोबापुरी मोहल्ले में मंगलवार को भाजपा नेता व इसौली के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी ओम प्रकाश पांडेय बजरंगी के पुत्र पर विपक्षियों ने हमला कर दिया। आरोप है कि विपक्षियों ने उन पर पिस्टल से फायर कर दिया। सरकारी गनर के बीच में आ जाने से वह बाल-बाल बच गए। इस मामले में पीड़ित पक्ष की तहरीर पर नगर कोतवाली में चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
शहर के पीडब्ल्यूडी ऑफिस सिविल लाइंस निवासी भाजपा नेता व इसौली के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी ओम प्रकाश पांडेेय बजरंगी के पुत्र आशीष पांडेय का आरोप है कि अनिल मिश्र निवासी मोहल्ला पयागीपुर थाना नगर कोतवाली उनसे रंजिश रखते हैं। आरोपी उन पर जबरन विधि विरुद्ध तरीके से नौकरी करने का दबाव बनाते है। इसी बात को लेकर सोमवार को आरोपी उनके मौनी मंदिर तिकोनिया पार्क स्थित कार्यालय में मिलने आया। वहां उसने उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
इस घटना के बाद मंगलवार को आशीष सुबह 10 बजे अपने बड़े भाई सौरभ पांडेय की ससुराल दुर्गेश के घर विनोबापुरी में अपने साले सुबोध त्रिपाठी व सरकारी गनर आमोद मिश्र के साथ जा रहा था। रास्ते में दुर्गेश के घर के मोड़ पर पहले से बैठे मिंटू उपाध्याय निवासी सीताकुंड नगर कोतवाली, रिंकू दूबे निवासी विनोबापुरी कोतवाली व उनके दो अज्ञात साथियों ने आशीष को रोक लिया। आरोपी मिंटू उपाध्याय ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल तान दी।
आरोपियों ने मोबाइल से अनिल मिश्र से बात की। उससे बात करने के बाद आरोपियों ने आशीष पर हमला कर दिया। जान से मारने की नियत से आरोपी मिंटू ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से फायर कर दिया। गनर आमोद मिश्र व साले सुबोध ने किसी तरीके से बीचबचाव किया। आरोपी उन लोगों को जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। प्रभारी निरीक्षक श्रीराम पांडेय ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।