सुल्तानपुर। चांदा के कयामुद्दीनपुर (किंदीपुर) निवासी हत्यारोपी पूजा की शुक्रवार को पिटाई के आरोप से जुड़ा मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने जेठ सहित चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। इस मामले का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है।
चांदा के कयामुद्दीनपुर (किंदीपुर) में तीन सितंबर 2025 की रात गांव निवासी महेश की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के भाई गणेश की तहरीर पर पुलिस ने पूजा और बड़ागांव निवासी जयप्रकाश के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा था। जून में पूजा कोर्ट के आदेश पर जमानत पर जेल से बाहर आई है। वह अपने मायके चांदा कोतवाली के परसरामपुर गांव में रहती है। पूजा का आरोप है कि शुक्रवार शाम करीब चार बजे वह किंदीपुर घर जा रही थी। गांव के कैलाश, गणेश (जेठ), दुर्जन व हरिओम ने उन पर हमला कर दिया। किसी तरह से उसने अपनी जान बचाई। चांदा थाने के प्रभारी निरीक्षक राजकुमार वर्मा ने बताया कि शुक्रवार को आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्रकरण की जांच की जा रही है। (संवाद)