सुल्तानपुर। पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिन के अवसर पर बुधवार को ईद-ए-मिलाद-उन-नबी का जुलूस शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में जगह-जगह निकाले गए। अंजुमनों ने नातिया कलाम पेश किए और आमद-ए-मुस्तफा के नारों से वातावरण गूंज उठा। विभिन्न स्थानों पर अंजुमनों का स्वागत और सम्मान किया गया। धर्मगुरुओं ने नबी-ए-करीम की सीरत, सच्चाई, अमानतदारी, दया, क्षमा और भाईचारे की शिक्षाओं पर प्रकाश डाला।
मोहब्बत को बताया ईमान की बुनियाद
कादीपुर। शास्त्री नगर स्थित जामिया मस्जिद में जलसा-ए-सीरतुन्नबी का आयोजन हुआ। मुख्य वक्ता मौलाना वसीम अहमद शेरवानी जौनपुर ने कहा कि नबी-ए-करीम से सच्ची मोहब्बत के साथ उनकी सीरत और अखलाक को जीवन में उतारना जरूरी है। मौलाना कारी मोहम्मद जिया ने तिलावत की। मौलाना मोहम्मद तौसीफ ने सीरत-ए-रसूल पर बयान किया। हाफिज मोहम्मद मकसूद और मौलाना अब्दुल मन्नान ने नात पेश की। मुतवल्ली हाजी इसरार हुसैन खान ने अध्यक्षता व स्वागत किया। इस मौके पर हाजी अबरार अहमद खान, हाजी आफताब अहमद खान, मकसूद आलम खान मौजूद रहे। संवाद
पांच गांवों से होकर गुजरा मिलादुन्नबी का जुलूस
भदैंया। क्षेत्र की ग्राम पंचायत जूड़ापट्टी में बुधवार को मिलादुन्नबी पर जुलूस निकाला गया। जुलूस पांच गांवों से होकर गुजरा और रास्ते में बड़ी संख्या में लोग इसमें शामिल होते गए। नात-ए-पाक के बीच लोगों ने पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की शिक्षाओं पर चलने का संदेश दिया। आयोजकों ने शांतिपूर्ण आयोजन के बाद अमन-चैन और खुशहाली की दुआ की। संवाद
डीजे पर गूंजे नातिया कलाम, पुलिस रही मुस्तैद
दोस्तपुर। चौक घंटाघर से राइन मोहल्ला, छावनी, शाही मस्जिद, बैंक रोड, नई बाजार होते हुए साईं तकिया तक जुलूस निकाला गया। डीजे पर नात-ए-पाक और कलाम पेश किए गए। सुरक्षा व्यवस्था के लिए एसडीएम मंजुल मयंक कादीपुर, क्षेत्राधिकारी विनय गौतम और थाना प्रभारी नारदमुनि सिंह टीम के साथ मौजूद रहे। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि रमेश सोनकर, रईश धोसी, राजकुमार सोनकर और व्यापार मंडल अध्यक्ष अजय सोनी भी जुलूस में शामिल रहे। साईं तकिया में देर शाम मेले का आयोजन हुआ। संवाद
भाईचारे और वतन से मोहब्बत का संदेश
धनपतगंज। क्षेत्र के बहेरी में ईदुल मिलादुन्नबी पर जुलूस निकाला गया। मो. अरसद ने कहा कि इस्लाम इंसानियत, अमन और खुशहाली का संदेश देता है। परवेज आलम, सरताज, शहंशाह, जुनेद, जमील, रियाज, फुरकान और महबूब अली सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। संवाद
बारिश भी नहीं रोक सकी जुलूस का उत्साह
कूरेभार। बारह रबीउल अव्वल पर बारावफात का जुलूस निकाला गया। करीब आधे घंटे की तेज बारिश के बावजूद लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ। मौलाना मो. शफीक खां कादिरी की अगुवाई में एक दर्जन से अधिक अंजुमन शामिल हुईं। आकर्षक झांकियां और नातिया कलाम लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। कूरेभार चौक पर डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती समिति ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। एसपी विनीत जायसवाल ने जुलूस मार्ग का निरीक्षण किया। थाना प्रभारी उपेंद्र सिंह और वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजेश यादव पुलिस बल के साथ तैनात रहे। बेहतर सहभागिता करने वाली अंजुमनों को पुरस्कृत किया गया। संवाद
विधायक ने दिलाई वतन से मोहब्बत की याद
कुड़वार। मिलादुन्नबी के कार्यक्रम में इसौली विधायक मोहम्मद ताहिर खां ने वतन से मोहब्बत और इंसानियत का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि देश की आन-बान और रक्षा के लिए अशफाक उल्ला खां और राम प्रसाद बिस्मिल ने कुर्बानी दी थी। इंसानियत से बढ़कर कोई धर्म नहीं है। संवाद