कूरेभार (सुल्तानपुर)। रामापुर गांव में रविवार को पात्रता सूची में नाम न होने से नाराज युवक ने कोटे की दुकान पर तोड़फोड़ की। कोटेदार ने युवक समेत तीन लोगों पर मारपीट के साथ ही लूटपाट का आरोप लगाया है। पुलिस लूटपाट की घटना को फर्जी बता रही है।
कूरेभार थाना क्षेत्र के रामापुर गांव में कोटेदार अनिल कुमार सिंह रविवार को राशन बांट रहे थे। अचानक मशीन बंद हो गयी तो राशन बटना बंद हो गया। आरोप है कि इसी दौरान गांव का ही एक युवक राशन लेने पहुंच गया। कोटेदार ने युवक को बताया कि उसका नाम राशनकार्ड की सूची में नहीं है।
इसे लेकर दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। उस वक्त युवक वहां से चला गया। थोड़ी देर बाद वह दो अन्य लोगों के साथ दुकान पर पहुंचा और पॉस मशीन को जमीन पर पटक दिया। आरोप है कि राशनकार्ड सूची को फाड़ डाला।
कोटेदार ने युवक पर लूटपाट का भी आरोप लगाया है। इस बाबत थाना प्रभारी केपी वर्मा ने बताया कि मामला संज्ञान में है। कोटे की दुकान पर विवाद हुआ था। ग्रामीणों ने बताया कि किसी प्रकार की लूटपाट नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।