नगर निकाय चुनाव की चल रही नामांकन प्रक्रिया के पांचवें दिन नगरपालिका चेयरमैन के नामांकन का खाता खुला। नपा चेयरमैन के लिए रविवार को एक सोनम चिश्ती (किन्नर) ने समर्थकों के साथ कलेक्ट्रेट में नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के लिए वह किन्नरों एवं अन्य समर्थकों के साथ उत्साह से कलेक्ट्रेट पहुंचीं। कलेक्ट्रेट के सीआरओ कक्ष में सोनम चिश्ती ने दो सेटों में आरओ/एसडीएम प्रमोद पांडेय के समक्ष नाम निर्देशन पत्र दाखिल किया। पांचवें दिन सभासद के लिए भी 18 नामांकन पत्र भरे गए। नगर पंचायत दोस्तपुर व कोइरीपुर में भी अध्यक्ष व सदस्य व सभासद के लिए परचे भरे गए। कार्य समाप्ति तक परचों की बिक्री होती रही।
कादीपुर में सदस्य के हुए तीन नामांकन
नगर पंचायत कादीपुर की तहसील मुख्यालय पर चल रही नामांकन प्रक्रिया में पांचवें दिन चेयरमैन के लिए कोई नामांकन पत्र नहीं दाखिल हुआ। सभासद के लिए तीन नामांकन पत्र भरे गए। एसडीएम/आरओ प्रिया सिंह ने बताया कि रविवार को अध्यक्ष के लिए एक व सभासद के लिए छह नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण रही।
दोस्तपुर चेयरमैन के लिए छह परचे दाखिल
कादीपुर तहसील मुख्यालय पर चल रही दोस्तपुर नगर पंचायत की नामांकन प्रक्रिया के पांचवें दिन चेयरमैन के लिए छह नामांकन पत्र भरे गए। अध्यक्ष के लिए राम उजागिर, इंद्रजीत, मंजुल कुमार, शांति देवी, राम यज्ञ व विवेक कुमार ने आरओ रमेश चंद्र शुक्ल के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल किया। आरओ ने बताया कि दोस्तपुर सभासद के लिए विभिन्न वार्डों से 14 नामांकन पत्र भरे गए। दोस्तपुर में अध्यक्ष के लिए तीन व सभासद के दो परचों की बिक्री हुई।
कोइरीपुर से सपा प्रत्याशी ने किया नामांकन
कोइरीपुर नगर पंचायत की लंभुआ ब्लॉक में चल रही नामांकन प्रक्रिया के पांचवें दिन रविवार को सपा प्रत्याशी कासिम ने नामांकन पत्र भरा। समर्थकों के साथ पहुंचे कासिम ने आरओ दिनेश गुप्ता के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल किया। आरओ ने बताया कि विभिन्न वार्डों से सभासद के लिए आठ नामांकन पत्र दाखिल किए गए। पांचवें दिन चेयरमैन व सभासद के लिए कोई परचा नहीं बिका।