विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं बसपा विधानमंडल दल के नेता स्वामी प्रसाद मौर्य ने मंदिर व मस्जिद पर भड़काऊ बयान देने वालों को आतंकवादी विचारधारा का समर्थक बताया। कहा कि ऐसे लोगों को आतंकवादियों जैसी सजा ही मिलनी चाहिए। वे अयोध्या में राम मंदिर व बाबरी मस्जिद मुददे पर भाजपा नेता सुब्रमण्यम स्वामी के बयान पर पूछे गए सवाल पर बोल रहे थे। स्वामी प्रसाद मौर्य हरिहरपुर गांव में कंबल वितरण कार्यक्रम में हिस्सा लेने आए थे।
कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि मंडल कमीशन रिपोर्ट लागू हुए करीब 25 वर्ष हो गया। अभी तक केंद्र सरकार की नौकरियों में पिछड़ेे वर्ग, अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति को पूरा लाभ नहीं मिल पाया है। उन्होंने केंद्र की सत्ता में रहे सभी दलों पर सामाजिक व शैक्षिक रूप से पिछड़े लोगों को छह दशक बाद भी संविधान द्वारा प्रदत्त व्यवस्था के मुताबिक आरक्षण नहीं देने का आरोप लगाया। कहा कि पहले आरक्षण प्राप्त लोगों की सहभागिता पूरी की जाय उसके बाद आर्थिक आधार पर आरक्षण देना न्याय संगत होगा।
हरिहरपुर गांव स्थित एक विद्यालय में आयोजित गरीबों के कंबल वितरण कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बसपा ने प्रत्याशी चयन का कार्य शुरू कर दिया है। तीन चौथाई सीटों परत बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने प्रभारी घोषित कर दिए हैं। सूबे की सभी सीटों पर पार्टी अकेले चुनाव लड़ेगी। कहा कि प्रदेश में 2017 में गुंडाराज का खात्मा होगा। जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में सपा पर पाप करने का आरोप लगाया। राम मूर्ति चौरसिया द्वारा आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने एक हजार लोगों को कंबल का वितरण किया।