सुल्तानपुर। होली का पर्व जिले में शुक्रवार को धूमधाम के साथ शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया। शहर के चौराहों व तिराहों पर गाजे-बाजे व डीजे की धुन पर रंगों से सराबोर युवा जमकर थिरके। छोटे बच्चों व महिलाओं से लेकर बड़े-बुजुर्ग तक रंग से सराबोर नजर आए। दोपहर बाद रंग का सिलसिला थमा तो सभी सज-धजकर एक दूसरे को अबीर लगाकर गले मिले और होली की बधाइयां दीं।
जिले में शुक्रवार को होली के त्योहार को लोगों ने उल्लासपूर्वक मनाया। बृहस्पतिवार की रात शुभ मुहूर्त में होलिका दहन के साथ ही उत्साही युवाओं व बच्चों में एक दूसरे पर रंग व गुलाल डालना शुरू कर दिया। शहर में जगह-जगह होली गीतों से गूंज रहे लाउडस्पीकर व डीजे पर थिरक रहे युवा होली के उत्साह को दोगुना कर रहे थे। शुक्रवार सुबह से छोटे-छोटे बच्चे पिचकारी आदि लेकर निकल पड़े और एक दूसरे पर जमकर रंग डाला और अबीर-गुलाल लगाया। महंगाई की चिंता छोड़ गृहणियों ने भी होली में अपने जमकर हाथ खोले और घर-घर पकवानों की धूम रही।
रंगों के साथ-साथ बच्चों ने पकवान का भी जमकर आनंद लिया। सुबह करीब 10 बजते-बजते रंगों का पर्व परवान चढ़ा और क्या बच्चे, क्या बड़े और बूढ़े सभी रंग-बिरंगे नजर आने लगे। महिलाएं व युवतियां भी इसमें पीछे नहीं रहीं। सभी ने एक दूसरे पर जमकर रंग डाला। दोपहर बाद तक रंग डालने का सिलसिला चला। पुलिस की सतर्कता की वजह से पर्व शांतिपूर्ण वातावरण में निपट गया। शाम करीब चार बजे लोग सज-धजकर सपरिवार निकले और ईष्ट-मित्रों के घर जाकर पकवान का लुत्फ उठाया। साथ ही एक दूसरे के अबीर लगाकर लोग गले मिले और होली की बधाई दी। होली की बधाइयों का सिलसिला देर रात तक चला। यह सिलसिला जिले में करीब सप्ताह भर चलेगा।