सुल्तानपुर। रबी की बोआई के ऐन वक्त पर जिले में खाद का संकट गहरा गया है। आलू, सरसों, चना, मटर और गेहूं की बोआई के लिए किसान डीएपी की तलाश में समितियों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन कहीं समितियों पर ताले लटक रहे हैं तो कहीं घंटों कतार में लगने के बाद भी खाद नहीं मिल रही। चांदा में सुबह छह बजे से किसान लाइन में लग गए, लेकिन दोपहर बाद वितरण शुरू हो सका। धनपतगंज में मांग के मुकाबले आधी खाद ही पहुंची है। धम्मौर में एक सप्ताह से समिति खाली है। कुड़वार में डीएपी नहीं मिलने पर किसान महंगे विकल्प खरीदने को मजबूर हैं। खाद की किल्लत का फायदा निजी दुकानदार भी उठा रहे हैं। किसानों का आरोप है कि निर्धारित मूल्य 1350 रुपये प्रति बोरी वाली डीएपी के लिए 1700 रुपये तक वसूले जा रहे हैं। वहीं, चांदा में एनपीके के लिए भी निर्धारित मूल्य से अधिक रकम लेने की शिकायत सामने आई है। समय पर खाद नहीं मिलने से किसानों की बोआई पिछड़ने की आशंका बढ़ गई है।
सुबह छह बजे से कतार, दोपहर बाद शुरू हुआ वितरण
चांदा। साधन सहकारी समिति अमरूपुर पर बृहस्पतिवार को खाद के लिए सुबह छह बजे से ही महिला और पुरुष किसानों की कतार लग गई। सचिव छोटेलाल यादव सुबह 10 बजे पहुंचे और समिति का ताला खोला। भीड़ बढ़ने पर धक्का-मुक्की और कहासुनी की स्थिति बन गई। इसके बाद दोपहर 1:20 बजे से डीएपी के बजाय एनपीके का वितरण शुरू कराया गया। सुबह सात बजे से लाइन में लगीं शोभावती को खाद नहीं मिली तो उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा। शिवम आनंद ने भी डीएपी के स्थान पर एनपीके मिलने पर खाद नहीं ली। किसानों ने 1350 रुपये के बजाय 1460 रुपये वसूलने का आरोप लगाया। संवाद
आठ समितियों पर ताले, आधी खाद पहुंची
धनपतगंज। क्षेत्र की आठ साधन सहकारी समितियों पर खाद का इंतजार खत्म नहीं हो रहा है। बिसावां, कुट्टा, जूड़ा पट्टी, मायंग, प्रतापपुर, देहली, सेमरौना और एंजर समितियों पर ताले लटकने से किसान भटक रहे हैं। मांग के सापेक्ष आधी डीएपी ही पहुंच सकी है। अब सचिवों को वितरण के लिए नंबर मिलने का इंतजार है। कुट्टा समिति के सहायक सचिव आशीष ने बताया कि डीएपी और एनपीके की 400 बोरी मांगी गई थी, लेकिन केवल 160 बोरी मिली। मायंग समिति के सचिव श्याम बहादुर सिंह ने बताया कि शुक्रवार या शनिवार तक वितरण शुरू होने की उम्मीद है। किसानों का आरोप है कि मजबूरी में निजी दुकानों से 1700 रुपये बोरी डीएपी खरीदनी पड़ रही है। संवाद
एक सप्ताह से खाद नहीं, रोज खाली हाथ लौट रहे किसान
धम्मौर। साधन सहकारी समिति पर करीब एक सप्ताह से डीएपी उपलब्ध नहीं है। आलू, सरसों और गेहूं की बोआई के महत्वपूर्ण समय में किसान रोजाना समिति पहुंच रहे हैं, लेकिन उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। किसान रणजीत, पवन और रवि प्रकाश ने कहा कि समय से खाद नहीं मिली तो आलू और सरसों की बोआई पिछड़ जाएगी। मनोज कुमार और प्रमोद ने बताया कि समिति पर खाद नहीं मिलने से निजी दुकानों से महंगे दाम पर खरीदारी करनी पड़ रही है। समिति के सचिव राम सजीवन ने बताया कि अभी डीएपी की रैक नहीं आई है। खाद पहुंचते ही वितरण शुरू कराया जाएगा। संवाद
डीएपी के अभाव में महंगे विकल्प खरीद रहे किसान
कुड़वार। दोपहर 12:28 बजे तक साधन सहकारी समिति पर डीएपी उपलब्ध नहीं थी। गेहूं और सरसों की बोआई के लिए पहुंचे किसान खाद के इंतजार में परेशान रहे। डीएपी नहीं मिलने पर उन्हें एनपीके 2150 रुपये और मिक्चर 750 रुपये में खरीदना पड़ रहा है। हरखपुर के रामयज्ञ ने बताया कि महंगी एनपीके खरीदने के बजाय सस्ते मिक्चर से बोआई करनी पड़ रही है। समिति के सचिव दीपक पाठक ने बताया कि पांच से सात दिन में डीएपी आने की संभावना है। संवाद
एक सप्ताह में आएगी खाद की रैक
एआर कोऑपरेटिव सुधीर कुमार पांडेय ने बताया कि इस समय खाद की कमी है। बफर गोदाम से समितियों को भेजी जा रही खाद किसानों में वितरित कराई जा रही है। एक सप्ताह में खाद की रैक आने की संभावना है। रैक पहुंचने के बाद खाद की समस्या दूर हो जाएगी।