बारिश के दौरान मंगलवार की रात चार उपकेंद्र बंद होने से बिजली को लेकर हाहाकार मचा रहा। ग्रामीण व शहरी क्षेत्र की करीब एक लाख आबादी रात भर परेशान रही। हालांकि शहरी क्षेत्र का एक उपकेंद्र वैकल्पिक लाइन से छह घंटे बाद शुरू कर दिया गया। ग्रामीण क्षेत्र के दो उपकेंद्रों की भी आपूर्ति बहाल कर दी गई लेकिन करौंदीकलां का सरस्वतीनगर उपकेंद्र की अभी बंद रहने की संभावना है।
बारिश के दौरान अंडर ग्राउंड केबल शॉर्ट होने से मंगलवार की रात शहर का दरियापुर उपकेंद्र अचानक ठप हो गया। रात में उपकेंद्र बंद होने से कर्मी परेशान हो गए। सुबह फॉल्ट की शुरू हुई खोजबीन के दौरान दरियापुर रेलवे क्रॉसिंग के पास अंडर ग्राउंड केबल शॉर्ट पाई गई। कार्य पूरा नहीं हो पाने से इंजीनियरों ने बगल से गुजरी दूसरी केबल से दरियापुर उपकेंद्र को जोड़कर वैकल्पिक आपूर्ति शुरू कर दी।
इस दौरान करीब छह घंटे आपूर्ति बंद रहने से करीब 25 हजार शहरी आबादी परेशान रही। एसडीओ आयुष सिंह ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे आपूर्ति बहाल कर दी गई। चांदा क्षेत्र का मेन लाइन में खराबी से दो दिन से बंद ढाखापुर उपकेंद्र बुुधवार की सुबह फॉल्ट दुरुस्त कर ठीक किया जा सका। इसके बाद करीब 25 हजार आबादी को आपूर्ति मिल सकी। बारिश के दौरान मेन लाइन का तार गिरने से सोमवार की रात को बंद हुए ग्रामीण क्षेत्र के दियरा उपकेंद्र का फॉल्ट दूर करके बुधवार को आपूर्ति बहाल कर दी गई। दो दिनों से बिजली नहीं मिलने से करीब 25 हजार आबादी परेशान रही।
तीन दिन से वैक्यूम जलने से ठप करौंदीकलां का सरस्वतीनगर उपकेंद्र अभी चालू नहीं किया जा सका है। वितरण खंड को अभी तक पैनल वैक्यूम की व्यवस्था नहीं कर पाया है। पैनल का वैक्यूम नया नहीं लगने से बुधवार को भी सरस्वतीनगर उपकेंद्र बंद रहने की आशंका है। जेई बाबूलाल के मुताबिक जिला मुख्यालय से अभी तक वैक्यूम नहीं मिल पाया है। वितरण खंड द्वितीय के एक्सईएन चंद्रजीत प्रसाद का कहना है कि वैक्यूम मंगाया गया है।