घासीपुर के पास एचटी लाइन में आई खराबी दूर करते बिजली कर्मी। -स्रोत : विभाग
भदैंया (सुल्तानपुर)। भदैंया उपकेंद्र की एचटी लाइन में बृहस्पतिवार की भोर फाल्ट आ गया। इससे उपकेंद्र से जुड़े 30 से अधिक गांवों में दिन भर बिजली आपूर्ति बाधित रही। शाम सात बजे तक बिजली कर्मी फाल्ट ठीक करने में लगे रहे।
बिजली विभाग के आउटसोर्सिंग कर्मी हड़ताल पर हैं। नियमित कर्मियों की संख्या कम होने के चलते फाल्ट आने पर समस्या बढ़ जा रही है। बृहस्पतिवार को काफी मशक्कत के बाद पता चला कि घासीपुर के पास पावर लाइन की डिस्क खराब है। कर्मियों ने मरम्मत शुरू की लेकिन शाम तक ठीक नहीं कर पाए।
इससे उपकेंद्र से जुड़े 30 से अधिक गांवों की बिजली आपूर्ति दिनभर ठप रही। इसी तरह लोलेपुर उपकेंद्र में भी फाल्ट आ गया लेकिन सुबह 11 बजे तक इसे ठीक कर लिया गया। इस उपकेंद्र से जुड़े 40 गांगों के लोग करीब सात घंटे परेशान रहे।
भदैंया उपकेंद्र के अवर अभियंता आरपी कुशवाहा ने बताया कि लाइन को ठीक करने में कर्मी जुटे हैं। जल्द ही आपूर्ति बहाल हो जाएगी।