दोस्तपुर। गोपालपुर खुर्द निवासी रामदयाल यादव की मंगलवार रात गला दबाकर की गई हत्या का खुलासा शनिवार को स्थानीय पुलिस ने कर दिया। राम दयाल के बड़े बेटे रामजी ने ही अपने पुत्र आकाश के साथ मिलकर उनकी हत्या की थी। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि राम दयाल तीन बिस्वा भूमि अपने मझले पुत्र शिवगिरि यादव के नाम लिखने वाले थे। इसी बात से नाराज होकर आरोपियों ने उनकी हत्या कर दी।
क्षेत्राधिकारी कादीपुर विनय गौतम ने शनिवार को बताया कि राम दयाल का शव बुधवार सुबह गोपालपुर खुर्द गांव के उत्तर स्थित गोलिया नाले के पास मिला था। हत्यारोपी रामजी ने पुलिस को बताया कि पिता राम दयाल पहले से ही उनसे अलग रहते थे। वह अपनी तीन बिस्वा भूमि उनके मझले भाई शिवगिरि के नाम ट्रांसफर करना चाहते थे। इसी विषय में बात करने के लिए उन्होंने मंगलवार को भीलमपुर से अपने पिता राम दयाल को अपने पुत्र आकाश के माध्यम से अपने घर पर बुलाया था।
वहां पर उनके पिता ने बात नहीं मानी। दोनों में हाथापाई हुई। इसके बाद बात बढ़ने पर रामजी व उनके पुत्र आकाश ने गला दबाकर राम दयाल की हत्या कर दी। हत्या करने के बाद शव को नाले के पास फेंक दिया। दोस्तपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक नारद मुनि सिंह ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।