बंधुआकला के हकुआ गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त कार व बाइक। स्रोत-ग्रामीण
बंधुआकला। हकुआ गांव के पुल के पास सोमवार सुबह कार व बाइक की भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में बाइक सवार कुड़वार के बहमरपुर निवासी राजगीर राजाराम प्रजापति (52) व उनके पुत्र सिकंदर (26) की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद कार घटनास्थल पर छोड़कर चालक भाग निकला। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुर्घटना सोमवार सुबह करीब आठ बजे हुई। बाइक राजाराम चला रहे थे। उनके पुत्र सिकंदर बाइक पर पीछे बैठे थे। हकुआ के पास पहुंचते ही उनकी बाइक सामने से जा रही कार से टकरा गई। दुर्घटना में राजाराम व सिकंदर गंभीर रूप से घायल हो गए। राजाराम के सिर में गंभीर चोट लग गई। दोनों ने हेलमेट नहीं पहना था।
दुर्घटना की जानकारी पर घटनास्थल पहुंचे परिजनों ने एंबुलेंस बुलाया। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने एंबुलेंस चालक से घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाने के लिए कहा, लेकिन चालक ने उनकी बात को गंभीरता से नहीं लिया। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुसाफिरखाना पहुंचाया गया। वहां से उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर चिकित्सक ने राजाराम व उनके पुत्र सिकंदर को मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि राजाराम रविवार शाम सिकंदर के साथ गौरी का पुरवा अमेठी अपने साले को देखने उनके घर गए थे, उनकी आंख का ऑपरेशन हुआ था।
सोमवार सुबह करीब सात बजे दोनों लोग बाइक से घर आने के लिए निकले थे। बंधुआकला थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।