जयसिंहपुर तहसील में अधिकारियों के साथ वार्ता करते भाकियू के पदाधिकारी। स्रोत-संगठन
जयसिंहपुर। भारतीय किसान यूनियन (राष्ट्रवादी) ने सोमवार को तहसील के बगल स्थित बाग में किसान पंचायत आयोजित की। इसमें अधिकारियों के न पहुंचने पर किसानों ने तहसील का घेराव कर प्रदर्शन किया।
जिला उपाध्यक्ष राज नारायण तिवारी की अध्यक्षता में हुई पंचायत में पूर्व सूचना के बावजूद संबंधित विभागों के अधिकारी और एसडीएम नहीं पहुंचे। नाराज किसानों ने नारेबाजी करते हुए तहसील पहुंचकर एसडीएम कार्यालय का घेराव किया। एसडीएम संदीप कुमार यादव किसानों के बीच पहुंचे। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को बुलाकर किसानों की समस्याओं पर वार्ता कराई।
इस मौके पर तहसीलदार मयंक मिश्रा, अधिशासी अभियंता विद्युत, क्षेत्राधिकारी जयसिंहपुर और बीडीओ एसएन चतुर्वेदी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने किसानों की बिंदुवार समस्याएं सुनीं और उनके शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया। इसके बाद किसानों ने एसडीएम को अपना मांगपत्र सौंपा। संवाद