लंभुआ (सुल्तानपुर)। क्षेत्र के नरहरपुर में स्थित सहकारी समिति पर डीएपी खाद की किल्लत को लेकर किसानों का आक्रोश फूट पड़ा। बृहस्पतिवार सुबह डीएपी के वितरण की सूचना पर किसानों की लंबी कतार लग गईं। कुछ किसानों को डीएपी मिली और कुछ को नहीं मिली। जिन्हें मिली तो उनसे निर्धारित मूल्य से ज्यादा का भुगतान लिया गया। इसकी सूचना मिलने के बाद किसानों ने जमकर हंगामा किया और सचिव पर कालाबाजारी का आरोप लगाया।
रबी की फसलें जैसे गेहूं, जौ, जई, दाल, सरसों और अलसी बीज आदि फसलों की बोआई के समय में डीएपी खाद की भारी किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। किसानों का आरोप है कि डीएपी को 1360 से लेकर 1500 रुपये तक बेचा जा रहा है। विरोध करने पर कहा जाता है कि नैनो लिक्विड यूरिया भी खरीदना पड़ेगा।
किसान वैकल्पिक खाद का प्रयोग करने को मजबूर हो गए हैं। किसानों ने कहा कि डीएपी को एक कमरे में डंप कर रखा गया है, जिसे ब्लैक में बेचने की तैयारी है। समिति पर कई नाबालिग बच्चों के आधार कार्ड मौजूद पाए गए।
समिति पर मौजूद किसान महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि 1360, 1380 व 1400 रुपये में डीएपी बेची जा रही है। जबकि निर्धारित रेट 1350 रुपये है। समिति पर खाद है, इसके बावजूद नहीं दी जा रही है। किसान सुरेश यादव ने 1370 रुपये में डीएपी लेने की बात कही। जयप्रकाश ने बताया कि 1360 में उन्हें डीएपी मिली। वहीं विजय शंकर पांडेय समेत कई किसानों ने बताया कि उनका आधार कार्ड जमा कर फिर वापस कर दिया और डीएपी नहीं मिली। बताया गया कि खाद खत्म हो चुकी है।
समिति के सचिव विजय शर्मा ने बताया कि डीएपी 1360 व नैनो यूरिया 225 में ई-पॉश मशीन से बेची जा रही है। समिति के अध्यक्ष कृपा शंकर सिंह ने बताया कि 200 बोरी डीएपी आवंटित हुई थी, जो किसानों को वितरित की गई है।
पुलिस की मौजूदगी में कराया खाद का वितरण
मोतिगरपुर (सुल्तानपुर)। डीएपी खाद की किल्लत क्षेत्र में कम नहीं हो रही है। बृहस्पतिवार को सहकारी समिति दियरा पर खाद की उपलब्धता की जानकारी होने पर बड़ी संख्या में किसान जमा हो गए। किसानों की भारी भीड़ को देखते हुए एसडीएम के निर्देश पर पुलिस की मौजूदगी में डीएपी का वितरण कराया गया।
किसानों को इन दिनों मटर, चना, सरसों व गेहूं की बोआई के लिए डीएपी खाद की जरूरत है। समिति पर खाद की जानकारी मिलते ही किसानों की लंबी लाइनें लग जाती है। सहकारी समिति दियरा पर बुधवार को 200 बोरी डीएपी खाद पहुंची थी। डीएपी वितरण की सूचना पर क्षेत्र के किसान बड़ी संख्या में बृहस्पतिवार भोर चार बजे से ही लाइन में लग गए। सचिव श्याम बिहारी पांडेय की सूचना पर एसडीएम जयसिंहपुर संतोष कुमार ओझा के निर्देश पर नायब तहसीलदार जयसिंहपुर प्रदीप मिश्र की मौजूदगी में किसानों को डीएपी वितरित की गई। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मोतिगरपुर पुलिस मुस्तैद रही। नायब तहसीलदार प्रदीप मिश्र ने बताया समिति पर उपलब्ध डीएपी शासन की मंशानुसार किसानों में वितरण कराई जा रही है।