कादीपुर। सांगापुर निवासी किसान रिंकू (30) मंगलवार सुबह घर से खेत की सिंचाई करने के लिए निकले। खेत की सिंचाई करते वक्त वह खेत के बगल में मौजूद करीब 10 फीट ऊंचे टीले पर आकर बैठ गए। कुछ देर बाद अचानक संतुलन बिगड़ा और वह टीले से नीचे गिर गए, सिर में चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों ने बताया कि रिंकू सुबह घर से अकेले निकले थे। दोपहर करीब 12 बजे के बाद उनके खेत के पास काम कर रहे कुछ ग्रामीणों ने घर आकर रिंकू के टीले के पास बेहोश होकर गिरने की जानकारी दी। इसके बाद परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। वहां रिंकू मुंह के बल गिरे पड़े थे और उनकी सांसें थम चुकी थीं। जानकारी होने पर परिवार में चीख-पुकार मच गई।
परिजनों ने बताया कि रिंकू घर पर रहकर खेती करते थे। घर में उनकी पत्नी मालती, बड़ी बेटी खुशबू (15), रेनू (12), चांदनी (10) ,सलोनी (06) व दो बेटो में दिव्यांश (08), खिशु (01) हैं। कादीपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक श्याम सुंदर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।