शिवगढ़ के भरखरे गांव में रोते-बिलखते परिजन।
शिवगढ़। भरखरे गांव निवासी विजय कुमार कोरी (46) पर शनिवार सुबह 8.30 बजे खेत में धान की निराई करते समय बिजली गिर गई। वह गंभीर रूप से झुलस गए। कुछ दूर खड़े किसानों ने उन्हें खेत में बेहोश पड़ा देखा तो घरवालों को जानकारी दी। घरवालों ने विजय को लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत से परिवार में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने राजस्वकर्मियों को घटना की जानकारी दी है। शिवगढ़ थाने के प्रभारी निरीक्षक ज्ञानेश दुबे ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
परिजनों के मुताबिक, विजय कुमार खेती-किसानी के साथ राजगीर का काम करते थे। परिवार के भरण-पोषण का जिम्मा उसी के कंधों पर था। उनकी मौत से पत्नी राजकुमारी, पुत्र अजय (20), अजीत (16), आशीष (14), लकी (07), पुत्री अर्चना (09), अंतिका (02) का रो-रोकर बुरा हाल है।
करंट की चपेट में आने से किराना व्यापारी की मौत
विंदेश्वरीगंज। बल्दीराय कस्बा निवासी चंद्रभूषण उर्फ रोशन लाल अग्रहरि (32) की घर में ही किराना की दुकान है। परिजनों के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 11.30 बजे चंद्रभूषण नहाने जा रहे थे। उन्होंने पानी भरने के लिए मोटर का स्विच ऑन किया तभी उन्हें करंट लग गया। पत्नी पदमा दुकान पर थीं। जब वह घर में पहुंची तो चंद्रभूषण जमीन पर बेहोश पड़े दिखे। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बल्दीराय पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत से परिवार में चीख-पुकार मची है। (संवाद)