सुल्तानपुर। धनपतगंज विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय के निरीक्षण में सुविधाएं दुरुस्त नहीं पाई गई हैं। पुस्तकों का वितरण, शौचालय व टाइल्स नहीं लगे होने पर सीडीओ ने नाराजगी जताई है। उन्होंने व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया है।
मंगलवार को बल्दीराय तहसील संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याएं सुनने के बाद मुख्य विकास अधिकारी अतुल वत्स ने धनपतगंज विकास खंड के नादा प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय विद्यालय में सिर्फ 37 छात्रों का पंजीकरण पाया गया।
पता चला कि अभी तक नौ पुस्तकों का वितरण नहीं हो सका है। विद्यालय में टाइल्स नहीं लगी मिली। शौचालय भी खराब हालत में पाया गया। विद्यालय में मल्टीपल हैंडवॉश यूनिट लगाने का कार्य चल रहा था। सुविधाओं का अभाव मिलने पर सीडीओ ने नाराजगी जताई।
उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को विद्यालय की सुविधाओं में सुधार का निर्देश दिया है। इसके पहले सीडीओ ने बल्दीराय तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए शिकायतों की सुनवाई की। फरियादियों की समस्याएं सुनने के बाद संबंधित विभागों के अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से समयबद्घ निस्तारण के निर्देश दिए। इस मौके पर संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।