सुल्तानपुर। जिन 116 केंद्रों पर बालिकाओं के लिए स्वकेंद्र परीक्षा प्रणाली लागू की गई है, उन पर वाह्य केंद्र व्यवस्थापक तैनात किए जाएंगे। यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में 120 केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से 116 केंद्र ऐसे हैं, जहां बालिकाओं के लिए स्वकेंद्र परीक्षा प्रणाली लागू है।
माध्यमिक शिक्षा परिषद ने स्वकेंद्र वाले विद्यालयों में अतिरिक्त वाह्य केंद्र व्यवस्थापक नियुक्त करने का निर्देश दिया है। राजकीय माध्यमिक विद्यालयों, अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षक इन केंद्रों पर वाह्य केंद्र व्यवस्थापक के रूप में तैनात किए जाएंगे।
इसके साथ ही स्वकेंद्र वाले माध्यमिक विद्यालयों में 50 प्रतिशत स्टाफ बाहरी विद्यालयों से नियुक्त किए जाएंगे। परीक्षाओं के संचालन में किसी परीक्षा केंद्र पर कोई भी अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित वाह्य केंद्र व्यवस्थापक आगे की परीक्षाएं संपन्न कराएंगे।
इसके लिए परिषद से अनुमति लेने की जरूरत नहीं होगी। वाह्य केंद्र व्यवस्थापक अथवा कक्ष निरीक्षक के रूप में मिले दायित्वों का निर्वहन करने में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों को अनुपस्थित मानते हुए माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
जीआईसी समेत चार केंद्रों पर नहीं बालिकाएं
जिन केंद्रों पर अतिरिक्त वाह्य केंद्र व्यवस्थापक नहीं नियुक्त होंगे, उसमें राजकीय इंटर कॉलेज सुल्तानपुर, राजकीय इंटर कॉलेज महराजगंज, महात्मा गांधी स्मारक इंटर कॉलेज सुल्तानपुर व मधुसूदन विद्यालय इंटर कॉलेज विवेकनगर शामिल हैं। इन चारों विद्यालयों में बालिकाएं अध्ययनरत नहीं हैं। इसलिए ये सभी विद्यालय स्वकेंद्र परीक्षा प्रणाली से मुक्त हैं।
केंद्र व्यवस्थापकों को प्राप्त होगा कार्यपालक मजिस्ट्रेट का अधिकार
परीक्षा अवधि में केंद्र व्यवस्थापकों को अपने-अपने केंद्रों की सीमा के अंतर्गत कार्यपालक मजिस्ट्रेट के अधिकार प्रदान किए गए हैं। अधिकारों की पूर्ण रूप से जानकारी नहीं होने की वजह से केंद्र व्यवस्थापक इनका नियमानुसार समुचित प्रयोग नहीं कर पाते हैं। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने निर्देश दिया है कि आवश्यकता पड़ने पर केंद्र व्यवस्थापक व जिला विद्यालय निरीक्षक जनपद के डीएम व एसपी से सीधे संपर्क स्थापित कर सकते हैं।
सॉफ्टवेयर पर दर्ज होगी कक्ष निरीक्षकों व कार्मिकों की उपस्थिति
यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद ने सॉफ्टवेयर तैयार किया है। इसी सॉफ्टवेयर पर नियमित रूप से कक्ष निरीक्षकों व कार्मिकों की उपस्थिति दर्ज की जाएगी। जो अध्यापक परीक्षा ड्यूटी या इससे संबंधित कार्यों में उच्चाधिकारियों के आदेश की अवहेलना करेंगे, उन्हें अनुपस्थित मानते हुए उनका उस तिथि का वेतन काट लिया जाएगा।
तैयार की जा रही सूची
यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारियां शुरू हो गई हैं। स्वकेंद्र परीक्षा वाले विद्यालयों में वाह्य केंद्र व्यवस्थापकों के तैनात किए जाने के लिए सूची तैयार की जा रही है। जल्द ही इसे माध्यमिक शिक्षा परिषद को भेजा जाएगा।
- वीपी सिंह, डीआईओएस।