सुल्तानपुर। यूपी बोर्ड की प्रयोगात्मक परीक्षा का पहला दिन निराशाजनक रहा। ज्यादातर माध्यमिक विद्यालयों में वाह्य परीक्षकों के न पहुंचने से प्रयोगात्मक परीक्षाएं नहीं शुरू हो सकीं। जिले में 331 माध्यमिक विद्यालय संचालित हैं। इंटरमीडिएट स्तर तक संचालित माध्यमिक विद्यालयों में प्रयोगात्मक परीक्षाएं तीन से 13 फरवरी तक होनी है। बुधवार को प्रयोगात्मक परीक्षा का पहला दिन था लेकिन कई विद्यालयों में वाह्य परीक्षक नहीं पहुंचे।
माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्य वाह्य परीक्षकों से संपर्क साधकर उनके आगमन की तिथि की जानकारी लेते रहे। शहर के राजकीय इंटर कॉलेज, केशकुमारी राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, महात्मा गांधी स्मारक इंटर कॉलेज व सलीम हायर सेकेंडरी स्कूल को डीएलएड चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा का केंद्र बनाया गया था। इस वजह से इन विद्यालयों में छात्र-छात्राओं का अवकाश रहा।
प्रायोगिक परीक्षाओं को देखते हुए कई माध्यमिक विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को प्रायोगिक कार्यों का अभ्यास कराया गया। श्री विश्वनाथ इंटर कॉलेज कलान में रसायन विज्ञान, भौतिक विज्ञान व वनस्पति विज्ञान समेत सभी प्रैक्टिकल विषयों का अभ्यास कराया गया। प्रधानाचार्य डॉ. शिवहर्ष सिंह ने प्रायोगिक कार्यों के पूर्वाभ्यास का निरीक्षण किया।