दोस्तपुर। कस्बे के बभनइया मोहल्ले में मुख्य सड़क किनारे नाले का निर्माण राहगीरों के लिए मुसीबत बन गया है। निर्माण के दौरान यातायात व्यवस्था नहीं होने से दिनभर जाम लग रहा है। इससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को आवागमन में दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है।
नगर पंचायत की ओर से कराए जा रहे निर्माण के तहत कहीं जेसीबी से खोदाई हो रही है, तो कहीं नाले की ढलाई का काम चल रहा है। इससे सड़क पर आवागमन बाधित हो रहा है और वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्य सड़क पर निर्माण शुरू कराने से पहले यातायात को सुचारु रखने के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई। इसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
लोगों ने सुझाव दिया है कि नाले का निर्माण पूरा होने तक ब्लॉक चौराहे से चार पहिया और बड़े वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित कर उन्हें बढ़ौली की ओर से निकाला जाए। इससे कस्बे में जाम की समस्या से राहत मिल सकती है। बाजार के निवासियों ने नगर पंचायत अध्यक्ष शकुंतला रमेश सोनकर से रूट डायवर्जन की व्यवस्था कराने की मांग की है। नगर पंचायत अध्यक्ष ने व्यवस्था दुरुस्त कराने का आश्वासन दिया है।