सुल्तानपुर। विद्या ज्ञान प्रवेश परीक्षा में नामांकित 2794 में से 1820 विद्यार्थी शामिल हुए। 974 विद्यार्थी परीक्षा में अनुपस्थित रहे। परीक्षाएं चार केंद्रों पर आयोजित की गईं।
विद्या ज्ञान प्रवेश परीक्षा रविवार को कमला नेहरू बाल शिक्षण संस्थान लाल डिग्गी, हाजी मो. हनीफ मेमोरियल इंटर कॉलेज लोलेपुर, सरस्वती शिशु विद्या मंदिर सिरवारा रोड व राजदेई बालिका इंटर कॉलेज अखंडनगर में आयोजित की गई। प्रवेश परीक्षा प्रभारी अविनाश यादव ने बताया कि कक्षा छह में नामांकित 947 बालिकाओं के सापेक्ष 581 उपस्थित हुईं। कक्षा सात में नामांकित 449 बालिकाओं के सापेक्ष 319 बालिकाओं ने परीक्षा में हिस्सा लिया। कक्षा छह बालक वर्ग में नामांकित 975 के सापेक्ष 627 परीक्षा में शामिल हुए। वहीं कक्षा सात में 423 बालकों में से 293 परीक्षा में शामिल हुए। केएनआईसीई में खंड शिक्षा अधिकारी श्याम बिहारी व अनुदेशक अभिषेक सिंह, हाजी मो. हनीफ मेमोरियल इंटर कॉलेज लोलेपुर में खंड शिक्षा अधिकारी मनोजीत राव और एसआरजी सत्यदेव पांडेय, सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में नगर शिक्षा अधिकारी शिखा मिश्रा और डीसीएमआईएस धर्मेश गुप्ता तथा राजदेई बालिका इंटर कॉलेज में खंड शिक्षा अधिकारी अरविंद बहादुर सिंह व डीसी एमडीएम संदीप यादव बतौर नोडल अधिकारी मौजूद रहे।