सुल्तानपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा जिले के 124 केंद्रों पर होगी। केंद्र निर्धारण के बाद अब बोर्ड परीक्षा की तैयारियां शुरू हो गई हैं। बुधवार को शासन की ओर से वीडियो कांफ्रेंसिंग कर तैयारियों की समीक्षा की जाएगी।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की वर्ष 2022 की बोर्ड परीक्षा के लिए 124 केंद्र बनाए गए हैं। इसमें पांच राजकीय माध्यमिक विद्यालय, 54 सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय व 65 वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालय शामिल हैं। बोर्ड परीक्षा का आयोजन विधानसभा चुनाव के बाद होना है। परीक्षा केंद्रों पर तैयारियों को लेकर बुधवार को समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें जिला स्तरीय बोर्ड परीक्षा कंट्रोल रूम बनाए जाने की स्थिति, कक्ष निरीक्षकों की तैनाती, कक्ष निरीक्षकों की उपस्थिति के लिए पोर्टल विकसित किए जाने की स्थिति, प्री बोर्ड परीक्षा की तैयारी, प्रयोगात्मक परीक्षा की तैयारी, गृह परीक्षा की तैयारी समेत कई बिंदुओं पर रिपोर्ट ली जाएगी। जिला विद्यालय निरीक्षक वीपी सिंह, राजकीय माध्यमिक विद्यालय, अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय, वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालय एवं संस्कृत माध्यमिक विद्यालय के दो-दो प्रधानाचार्यों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग में प्रतिभाग करेंगे और जिले की स्थिति से अवगत कराएंगे।