सुल्तानपुर। जिले के स्कूलों में अब पढ़ाई के साथ स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का भी मूल्यांकन होगा। इसके लिए परिषदीय, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों और निजी स्कूलों का स्वच्छ हरित विद्यालय मूल्यांकन होगा। परिसर की साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय व पौधरोपण की स्थिति से विद्यालयों की ग्रेडिंग तय होगी।
जिले में 2061 परिषदीय और 12 कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय संचालित हैं। बीएसए उपेंद्र गुप्ता ने मूल्यांकन के दिशा-निर्देश जारी किए। इसमें परिसर की स्वच्छता, रखरखाव, अलग शौचालय और स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता परखी जाएगी। पौधरोपण, हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को भी मानकों में शामिल किया गया है। विद्यालयों को बच्चों में स्वच्छता, पानी की बचत और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की आदत विकसित करने के निर्देश मिले हैं। निर्धारित मानकों के आधार पर मूल्यांकन के बाद स्कूलों की ग्रेडिंग तय होगी।