बल्दीराय (सुल्तानपुर) । पंचायतीराज मंत्री ओमप्रकाश राजभर के काफिले की एस्कॉर्ट एसयूवी शुक्रवार देर शाम हलियापुर-बेलवाई मार्ग पर हादसे का शिकार हो गई। हसुई मुकुंदपुर गांव के पास ट्रैक्टर में लगे कल्टीवेटर से एसयूवी टकरा गई। टक्कर से वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। उसमें सवार सभी पुलिसकर्मी सुरक्षित बच गए।
मंत्री ओमप्रकाश राजभर बल्दीराय क्षेत्र के सिंहनी स्थित अमृत गार्डेन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद हलियापुर के रास्ते लखनऊ लौट रहे थे। हलियापुर से बहुरावां की ओर जा रहे ट्रैक्टर से काफिले की एस्कॉर्ट एसयूवी भिड़ गई। ट्रैक्टर के पीछे लगे कल्टीवेटर की टक्कर से एसयूवी को नुकसान पहुंचा।
हलियापुर थानाध्यक्ष अतुल कुमार श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि हादसे में कोई भी घायल नहीं हुआ है। घटना के बाद सभी पुलिसकर्मियों को दूसरे वाहन से सुरक्षित लखनऊ रवाना कर दिया गया।