सुल्तानपुर। रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो-तीन और चार पर यात्रियों के लिए 30 लाख की लागत से छह सेट प्रसाधन का निर्माण करवाया जा रहा है। प्रसाधन के बन जाने से यात्रियों को सुविधा मिलेगी।
प्लेटफार्म नंबर चार से रविवार और मंगलवार को सद्भावना एक्सप्रेस से बड़ी संख्या में यात्री दिल्ली जाते हैं। लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस मंगलवार, साबरमती एक्सप्रेस बुधवार और सुलतानपुर-वाराणसी पैसेंजर का प्रतिदिन संचालन किया जाता है। प्रसाधन की सुविधा नहीं होने से इस प्लेटफार्म पर यात्रियों को प्रतिदिन परेशानी होती है।
इसके अलावा प्लेटफार्म नंबर दो-तीन से प्रतिदिन पटना कोटा एक्सप्रेस, हिमगिरि एक्सप्रेस, सुहेलदेव एक्सप्रेस, श्रमजीवी सुपरफास्ट, अकाल तख्त एक्सप्रेस, कुंभ एक्सप्रेस, एकात्मता एक्सप्रेस, महामना एक्सप्रेस समेत अन्य ट्रेनों का संचालन होता है। इन ट्रेनों से विभिन्न शहरों का आवागमन करने वाले यात्रियों को प्रसाधन नहीं होने से एक नंबर प्लेटफार्म पर भागना पड़ता है।
यात्रियों की दूर होगी परेशानी
रेलवे गति शक्ति के वरिष्ठ खंड अभियंता कार्य अंबुज सिंह ने बताया कि दो-तीन और चार नंबर प्लेटफार्म पर प्रसाधन का निर्माण किया जा रहा है। प्रसाधन बनने के बाद यात्रियों को परेशान नहीं होना पड़ेगा।