राणा प्रताप पीजी कॉलेज में लगे रोजगार मेले में कागजात की जांच करते अधिकारी
सुल्तानपुर। राणा प्रताप पीजी कॉलेज परिसर में बृहस्पतिवार को मॉडल कॅरिअर सेंटर की ओर से रोजगार मेले का आयोजन किया गया। जिसमें युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। इस दौरान नौ निजी कंपनियों ने 1250 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया, जिसमें से 499 युवाओं को शॉर्टलिस्ट किया गया।
रोजगार मेले का शुभारंभ प्राचार्य प्रो. दिनेश कुमार त्रिपाठी ने किया। उन्होंने कहा कि केवल डिग्री नहीं, कौशल भी जरूरी है। हुनरमंद युवाओं को रोजगार की कोई कमी नहीं है। प्लेसमेंट सेल प्रभारी सुनील त्रिपाठी ने बताया कि सभी चयनित अभ्यर्थियों का अंतिम चयन जल्द किया जाएगा।
मेले में शामिल कंपनियों में श्रीराम लाइफ इंश्योरेंस, बजाज कैपिटल, ट्रस्ट पावर, फ्लिपकार्ट, एमआरएफ टायर, टाटा मोटर्स समेत कई प्रतिष्ठित कंपनियां शामिल थीं।
जिला सेवायोजन अधिकारी डॉ. दिनकर कुमार ने बताया कि श्रीराम फाइनेंस में 129, ट्रस्ट पावर में 60, बजाज कैपिटल में 59, ब्राइट फ्यूचर में 60, जर्मेनिया टेक्नोलॉजी में 92 और एनएसडीसी में 58 अभ्यर्थियों का शॉर्टलिस्ट किया गया।
मीडिया प्रभारी ज्ञानेंद्र विक्रम सिंह रवि ने बताया कि मेले में रोजगार पंजीकरण, साक्षात्कार व दस्तावेज सत्यापन पूरी तरह निशुल्क रहा। चयन के लिए हाईस्कूल से स्नातक तक की मार्कशीट, आधार, बैंक पासबुक और फोटो जरूरी थे। संचालन डॉ. मंजू ठाकुर ने किया। इस मौके पर कॉलेज के कई विभागों के शिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।