मेडिकल कॉलेज में टूटकर गिरा खंभा।
सुल्तानपुर। मेडिकल कॉलेज में बुधवार शाम वाहन की टक्कर से तीन खंभे टूट गए। एलटी लाइन के केबल जमीन पर गिर गए। हालांकि खंभा गिरने से कोई दुर्घटना नहीं हुई, लेकिन अस्पताल परिसर की आपूर्ति ठप हो गई।
मेडिकल कॉलेज ने जनरेटर चलाकर बिजली आपूर्ति चालू रखी। छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद खंभा लगाकर आपूर्ति सुचारू की गई। लोग उमस से परेशान रहे और तीमारदार बाहर परिसर में घूमते दिखे।
बुधवार शाम पांच बजे एक वाहन ने अस्पताल परिसर में लगे खंभे में टक्कर मार दी। जिसकी चपेट में आकर दो और खंभे गिर गए। जमीन पर गिरे केबल में करंट दौड़ रहा था। अर्थिंग का तार खुला होने से गार्डों ने लोगों को वहां से सावधानी पूर्वक हटाया, और सुरक्षा घेरा बनाकर लोगों को तार व खंभे से दूर रखा। मेडिकल कॉलेज के अधिकारियों की सूचना पर लाइन काटी गई। कर्मियों ने नए खंभे बदलकर रात लगभग 11:30 बजे तक आपूर्ति बहाल की।
लगभग छह घंटे तक परिसर में जनरेटर चलाकर आपूर्ति चालू रखी गई। वहीं पूरी क्षमता के अनुसार एसी व कूलर न चल पाने से मरीज व तीमारदार उमस से परेशान रहे।
सीएमएस डॉ. आरके मिश्रा ने बताया कि जनरेटर चलाकर बिजली आपूर्ति की गई थी, मरीजों को कोई परेशानी नहीं हुई। एसडीओ सुनील कुमार ने बताया कि खंभा टूटने से मेडिकल कॉलेज की आपूर्ति ठप हुई थी। रात में ही आपूर्ति बहाल कर दी गई।
खंभे पर चढ़ा मजदूर करंट से झुलसा
सुल्तानपुर। केएनआई रतनपुर ईस्ट फीडर पर बुधवार रात नौ बजे टेढुई स्थित पोल पर चढ़कर दिहाड़ी मजदूर चंद्र लाल निषाद फाॅल्ट ठीक कर रहे थे। शट डाउन के दौरान अचानक लाइन चालू हो गई, जिससे वह झुलस गए। आसपास के लोगों की मदद से उन्हें मेडिकल कॉलेज लाया गया। जहां पर इलाज चल रहा है। एसडीओ कुमार विकल्प ने बताया कि आधे घंटे लाइन ठप रही। शटडाउन के दौरान घायल मजदूर की हालत अब ठीक है। इसकी जांच कराई जाएगी।