सुल्तानपुर। अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाले प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर जिले में अयोध्या-चित्रकूट राम वनगमन मार्ग पर बृहस्पतिवार को अतिक्रमण हटावाया गया। पयागीपुर से नरायनपुर के बीच चले अतिक्रमण हटाओ अभियान से दुकानदारों में हड़कंप मचा रहा।
नगर पालिका व लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में बुलडोजर से सड़क के दोनों किनाराें से अतिक्रमण हटाया गया। संयुक्त टीम ने नरायनपुर से पयागीपुर के बीच मार्ग पर लगे होर्डिंग, बैनर व पोस्टरों को दोनों पटरियों से हटवाया। इस बीच अतिक्रमणकारियों को चेतावनी दी गई।
नगर पालिका के ईओ श्यामेंद्र मोहन ने बताया कि अतिक्रमण विरोधी अभियान प्रतिदिन चलाया जाएगा। नगर को अतिक्रमण मुक्त करने में एसडीएम, सीओसिटी नगर शिवम मिश्र, नगर कोतवाल श्रीराम पांडेय व नगर पालिका की टीम में हनुमान सिंह, प्रशांत रावत, साहिल परवेज, दीपक व विपिन शामिल रहे।