हलियापुर में पेड़ से बांधा गया हाथी। -संवाद
सुल्तानपुर। अयोध्या जिले की तरफ से आ रहे हाथी को वन विभाग और पुलिस टीम ने पकड़कर हलियापुर में पेड़ से बांध दिया। महावत से हाथी रखने का लाइसेंस मांगा गया तो वह दिखा नहीं सका। वनकर्मी हाथी की देखरेख में लगे हैं।
अयोध्या जिले के भीखम का पुरवा निवासी महावत रोजन मुहर्रम पर हाथी को लेकर अपने गांव गया था। सोमवार को वह हाथी को लेकर अपने मालिक अवनीश कुमार यादव निवासी देवलपुर थाना बंधुआकलां के यहां ले जा रहा था।
हलियापुर के पास महावत हाथी लेकर पहुंचा ही था कि इसी बीच वन विभाग को इसकी सूचना लग गई। डीएफओ अमित सिंह, वन दरोगा डीपी पांडेय, रेंजर आरके मौर्य और थानाध्यक्ष तरुण पटेल मौके पर पहुंचे। महावत से हाथी का लाइसेंस दिखाने के लिए कहा गया तो वह दिखा नहीं सका।
महावत की सूचना पर हाथी की मालकिन रेशमा अपने भतीजे के साथ हलियापुर पहुंचीं। उन्होंने वन विभाग की टीम को बताया कि 2019 में हाथी का मामला कोर्ट में भी पहुंचा था। कागजात कंपलीट करवाकर कोर्ट में पेश करने की बात कही गई थी। यह मामला अभी तक लटका हुआ है।
कोर्ट के निर्णय के आधार पर होगी कार्रवाई
लाइसेंस दिखाने पर हाथी को छोड़ दिया जाएगा। अन्यथा मामला कोर्ट में पहुंचेगा। कोर्ट के निर्णय के आधार पर ही कार्रवाई की जाएगी। वन कर्मियों को हाथी के चारा-पानी का इंतजाम करने के लिए कहा गया है।
-अमित सिंह, डीएफओ