सुल्तानपुर। अयोध्या-इलाहाबाद के बीच रेल पथ पर इलेक्ट्रिक ट्रेनों के संचालन का रास्ता साफ हो गया है। रेलवे की ओर से 12 रेलवे स्टेशनों के बीच 94.4 किलोमीटर रेल पथ का विद्युतीकरण का कार्य किया जाएगा। प्रथम चरण में कूरेभार व पीपरपुर रेलवे स्टेशन स्टेशन पर कार्य शुरू होगा। इन स्टेशनों पर निर्माण सामग्री पहुंचनी शुरू हो गई है।
अयोध्या-इलाहाबाद के बीच बहुप्रतीक्षित रेल पथ विद्युतीकरण का कार्य जल्द शुरू होगा। इसके लिए केंद्र सरकार की ओर से पहले ही 60.14 करोड़ रुपये स्वीकृत किए जा चुके हैं। अब उसे अमलीजामा पहनाने का काम किया जाएगा।
अयोध्या से चिलबिला स्टेशन के बीच नार्दन रेलवे जबकि उसके आगे इलाहाबाद तक केंद्रीय रेल विद्युतीकरण संगठन सेक्शन की ओर से विद्युतीकरण का कार्य होगा। नार्दन रेलवे की ओर से अयोध्या से चिलबिला के बीच रेल पथ विद्युतीकरण के टेंडर की प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है।
विद्युतीकरण कार्य के पहले चरण में कूरेभार व पीपरपुर रेलवे स्टेशन पर विद्युत उपकरण व सामग्री पहुंचाई जा चुकी है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार पहले चरण में फाउंडेशन समेत अन्य कार्य किए जाएंगे।
अयोध्या से चिलबिला के मध्य निर्धारित 12 रेलवे स्टेशनों के बीच करीब 94.4 किमी के दायरे में होने वाले विद्युतीकरण का कार्य पूरा होने में करीब दो साल का समय लग सकता है। विद्युतीकरण का कार्य पूरा होने के बाद इस रूट पर चलने वाली प्रमुख ट्रेनों में इलेक्ट्रिक इंजन लग जाएंगे। इससे ट्रेनों की स्पीड बढ़ जाएगी। ट्रेनों की स्पीड बढ़ने से प्रयागराज व अयोध्या नगरी को जाने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा सुगम होगी।