7. सुल्तानपुर में मतदाता जागरूकता रैली निकालते अधिकारी व अन्य।
- फोटो : SULTANPUR
जयसिंहपुर। मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत बुधवार को क्षेत्र के सीता देवी गर्ल्स महाविद्यालय बरौंसा में शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान छात्राओं को मताधिकार के प्रयोग के बारे में जानकारी देते हुए जागरूक किया गया। उपजिलाधिकारी के नेतृत्व में छात्राओं ने कस्बे में रैली भी निकाली।
बुधवार को जयसिंहपुर तहसील क्षेत्र के सीता देवी गर्ल्स डिग्री कॉलेज, बरौंसा में मतदाता जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में एसडीएम जयसिंहपुर अरविंद कुमार ने छात्राओं को मताधिकार के उपयोग बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को पंचायत चुनाव, लोकसभा, विधानसभा, राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति के चुनाव के बारे में छात्राओं को विस्तार से बताया। एसडीएम ने 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुकी छात्राओं से अपना व अपने परिचितों का नाम मतदाता सूची में दर्ज करवाने के लिए प्रेरित किया।
उपजिलाधिकारी ने छात्राओं को शत-शत प्रतिशत मतदान कराने में सहयोग करने के लिए शपथ दिलाई। एसडीएम की अगुवाई में छात्राओं ने बैनर व पंफ्लेट के साथ मतदाता जागरूकता रैली निकाली। इस दौरान छात्राओं ने बनो देश के भाग्य विधाता, अब जागो प्यारे मतदाता, अंकल आंटी मान जाओ, वोट डालोगे कसम खाओ जैसे नारों के माध्यम से लोगों को शत-प्रतिशत मतदान के लिए प्रेरित किया। छात्राओं की रैली कालेज से निकलकर बरौंसा बाजार व कस्बे से होकर पुन: विद्यालय पहुंचकर समाप्त हुई।
इस मौके पर सीओ जयसिंहपुर डॉ. राधेश्याम शर्मा, तहसीलदार हरिश्चंद्र, खंड शिक्षा अधिकारी पंकज सिंह, महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. रूपा यादव, रजिस्ट्रार कानून गो लालचंद्र श्रीवास्तव, राजस्व निरीक्षक विनोद तिवारी आदि छात्राएं मौजूद रहीं।