बल्दीराय के अरवल बाजार में सड़क पर शव रखकर खड़े ग्रामीण। -स्रोत-ग्रामीण
वलीपुर। बल्दीराय के हलियापुर-सुल्तानपुर हाईवे पर अरवल बाजार में बृहस्पतिवार को एक निजी स्कूल की बस की चपेट में आने से पैदल जा रही पतुलकी निवासी केवला देवी (60) की मौत हो गई। दुर्घटना से नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर पड़े शव के पास इकट्ठा होकर हंगामा किया, जिससे कुछ देर तक रोड जाम रहा।
मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों व ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत करवाया। इसके बाद परिजन शव का पोस्टमार्टम करवाने के लिए राजी हुए। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लिया है।
परिजनों के मुताबिक केवला देवी के पति मनीराम का पहले ही निधन हो गया था। बृहस्पतिवार को वह अपने घर से पारा बाजार बैंक जाने के लिए पैदल निकली थीं। इसी बीच अरवल चौराहे के पास सामने से जा रही एक अनियंत्रित बस ने उन्हें सामने से टक्कर मार दिया। दुर्घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। ग्रामीणों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बल्दीराय पहुंचाया गया। वहां पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बस चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग की।
बल्दीराय पुलिस ने किसी तरह से समझा-बुझाकर परिजनों को शांत करवाया। इसके बाद परिजन शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए राजी हुए। बल्दीराय थानाध्यक्ष नारदमुनि सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। केवला देवी के दो पुत्र धर्मराज व जगराम हैं। केवला देवी परिवार से अलग रहती थीं। उनकी मौत से परिवार में चीख-पुकार मची है।