लंभुआ। लखनऊ-वाराणसी रेलपथ के सरैया अंडरपास के पास रविवार तड़के करीब तीन बजे एक बुजुर्ग (65) की मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई।
ग्रामीणों ने दुर्घटना की जानकारी लंभुआ कोतवाली पुलिस को दी। ग्रामीणों के मुताबिक, मालगाड़ी वाराणसी से सुल्तानपुर की ओर जा रही थी। अंडरपास के पास बुजुर्ग घूम रहा था। अचानक वह मालगाड़ी की चपेट में आ गया। लंभुआ कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक संदीप राय ने बताया कि मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। शव की पहचान के लिए फोटो सोशल मीडिया पर वायरल की गई है।
हाईवे पर बाइकों की भिड़ंत, दो युवक सहित तीन घायल
भदैंया। कोतवाली देहात के लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर हनुमानगंज बाजार में रविवार सुबह दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। दुर्घटना में एक बाइक पर सवार बंधुआकला के बुकुनपुर निवासी मोहम्मद कामिल (55) और उनके पीछे बैठे अमन (15) घायल हो गए। बाइक मोहम्मद कामिल चला रहे थे। उन्होंने हेलमेट नहीं पहना था।
वहीं, दुर्घटना में दूसरी बाइक पर सवार हनुमानगंज निवासी सुरजीत (20) घायल हो गए। सुरजीत ने भी हेलमेट नहीं पहना था। घायलों को सीएचसी भदैंया पहुंचाया गया, जहां से मोहम्मद कामिल और सुरजीत को चिकित्सक ने मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर रेफर कर दिया। ग्रामीणों की मदद से क्षतिग्रस्त बाइकों को सुरक्षित स्थान पर रखवाया गया है। कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक अखंडदेव मिश्र ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)
दोस्तपुर में पलटा मोरंग लदा बेकाबू ट्रेलर, बचे लोग
दोस्तपुर। स्थानीय कस्बे के मुड़िला रोड पर बभनैया पूरब मोहल्ले में रविवार सुबह करीब छह बजे मोरंग लदा ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया। ग्रामीणों के मुताबिक ट्रेलर मुड़िला की ओर से दोस्तपुर कस्बे की तरफ आ रहा था। दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक और खलासी भाग निकला।
ग्रामीणों ने दुुर्घटना की जानकारी दोस्तपुर पुलिस को दिया। दोस्तपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक अनिरूद्ध कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को मुख्य मार्ग से हटवाकर सुरक्षित स्थान पर रखवाया गया है। ट्रेलर पर बिहार का नंबर लिखा है। ट्रेलर पर लिखे नंबर के आधार पर उसके मालिक से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है। (संवाद)