कुड़वार। स्थानीय थाना क्षेत्र के लोनीखार गांव में बगैर परमिट के आठ हरे पेड़ जेसीबी मशीन लगाकर गिरवा दिए गए। इस मामले में वन विभाग की तरफ से केस दर्ज कराया गया है।
कुड़वार थाना क्षेत्र के लोनीखार गांव में आईएफएफडीसी से संचालित कृषि वानिकी समिति बचनपुर ने करीब 15 वर्ष पूर्व शीशम व सागौन के आठ पेड़ किसानों की सहमति से अनुपजाऊ भूमि पर लगाया था। बताया जा रहा है कि किसानों ने अपनी भूमि बेच दी है।
जमीन खरीदने वाले व्यक्ति ने भूमि का समतलीकरण कराते समय बगैर किसी सूचना के कृषि वानिकी समिति के पेड़ों को उखाड़ दिया। इसमें चार पेड़ शीशम व चार पेड़ सागौन के हैं। कृषि वानिकी समिति के अध्यक्ष विनोद सिंह ने सूचना वन विभाग सहित समिति के उच्च अधिकारियों को दी।
सूचना पर वन दरोगा और आईएफएफडीसी के प्रसारक उदित दीक्षित मौके पर पहुंचे और कुड़वार थाने में भूमि के क्रेता-विक्रेता समेत अन्य के खिलाफ बगैर परमिट के पेड़ उखड़वाने की तहरीर दी। कुड़वार थाने में केस दर्ज कर लिया गया है। क्षेत्रीय वनाधिकारी अमरजीत मिश्र ने बताया कि कुड़वार थाने में केस दर्ज करवा दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।