सीएचसी कुड़वार में खड़ी नई एंबुलेंस
सुल्तानपुर। जिले में गर्भवतियों व बीमार बच्चों को जल्दी अस्पताल पहुंचाने के लिए 102 सेवा के बेड़े में आठ नई एंबुलेंस शामिल हुई हैं। इनका संचालन जल्द ही शुरू किया जाएगा। इन एंबुलेंसों को जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम (जेएसएसके) के तहत भेजा गया है। इनका संचालन ईएमआरआई ग्रीन हेल्थ सर्विस कर रही है।
जिले में 102 सेवा की 39 व 108 स्वास्थ्य सेवा की 33 समेत कुल 72 एंबुलेंस संचालित हैं। इनमें से कुछ कंडम हालत में हैं। किसी तरह उनका संचालन हो रहा है। गर्भवतियों और बच्चों की स्वास्थ्य स्थिति और जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए चिकित्सा, स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग की ओर से अत्याधुनिक एंबुलेंस संचालन की तैयारी है।
जिले को करीब 45 एंबुलेंस मिलनी हैं। जिनमें से आठ एंबुलेंस आ चुकी हैं। इन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुड़वार के परिसर में रखा गया है। हालांकि, अभी संचालन की स्थिति साफ नहीं है कि कब से इन्हें सड़क पर उतारा जाएगा। इसके लिए दिशा निर्देश का इंतजार है।
होगी खास सुविधाएं
नई एम्बुलेंस हाईटेक तकनीक से लैस हैं। एंबुलेंस की लंबाई और ऊंचाई बड़ी होने से अंदर स्पेस ज्यादा है। जीपीएस से लैस इस एंबुलेंस को मोबाइल एप से भी जोड़ा गया है। एप के जरिए मरीज और उसके तीमारदार एंबुलेंस की लोकेशन मोबाइल पर देख सकेंगे। अभी तक पुरानी एंबुलेंस में ये सुविधाएं नहीं दी गईं थीं।
एंबुलेंस में है अत्याधुनिक जीवन रक्षक प्रणाली
नई एंबुलेंसों में अत्याधुनिक जीवन रक्षक प्रणाली लगाई गई है। हाईटेक तकनीक के साथ इन एंबुलेंसों को जीपीएस के माध्यम से मोबाइल एप से जोड़ा गया है। आशीष सिंह, प्राेग्राम मैनेजर एंबुलेंस सेवा