सेमरी बाजार। लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सेमरी बाजार में प्रस्तावित नए बस अड्डे के निर्माण की कवायद तेज हो गई है। लोकसभा चुनाव के दौरान परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने जनसभा में सेमरी में बस अड्डा बनवाने की घोषणा की थी। अब इस दिशा में प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई आगे बढ़ने लगी है।
कुछ माह पूर्व जयसिंहपुर तहसील क्षेत्र के भीखुपुर गांव में उप जिलाधिकारी प्रभात सिंह की अध्यक्षता में भूमि प्रबंधन समिति के सदस्यों के साथ खुली बैठक आयोजित हुई थी। इसमें भीखुपुर राजस्व ग्राम की 40 बिस्वा भूमि बस अड्डे के निर्माण के लिए चिह्नित की गई थी। निर्माण प्रक्रिया को गति देने के लिए शुक्रवार को परिवहन निगम के अपर प्रबंध निदेशक डॉ. विपिन कुमार मिश्र ने डीएम को पत्र भेजकर बस अड्डे के लिए चिह्नित भूमि का प्रस्ताव मांगा है।