51. मेडिकल काॅलेज में दवा लेने के लिए कतार में खड़े मरीज व तीमारदार। संवाद
सुल्तानपुर। गलत खानपान और बदलती जीवनशैली का असर अब युवाओं की सेहत पर भी दिखने लगा है। मेडिकल कॉलेज में जांच के दौरान कई युवाओं में हाई ब्लड शुगर के लक्षण मिल रहे हैं। डॉक्टरों का कहना है कि गलत खानपान और अनियमित दिनचर्या के कारण कम उम्र में ही डायबिटीज और बीपी के मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं।
सोमवार को मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में कुल 1856 मरीजों ने पंजीयन कराया। इनमें करीब 50 से 60 मरीज बीपी और शुगर की समस्या से पीड़ित रहे। इनमें कई ऐसे भी थे, जिनकी उम्र 25 से 35 वर्ष के बीच है, लेकिन जांच में उनका ब्लड शुगर स्तर सामान्य से अधिक मिला। मेडिकल कॉलेज में इलाज कराने पहुंचे प्रतापगंज के शेरू ने बताया कि उनकी उम्र 30 वर्ष है, चक्कर आ रहा था, जांच कराया तो डायबिटीज बढ़ा मिला। शिवमंगल द्विवेदी ने बताया कि 25 की उम्र से ही उन्हें डायबिटीज है, लगातार दवा खाने के साथ ही सावधानी बरत रहे हैं।
मेडिकल कॉलेज के फिजिशियन डॉ. आरपी द्विवेदी ने बताया कि बदलते मौसम में खानपान की लापरवाही और शारीरिक गतिविधि की कमी से डायबिटीज व बीपी के मरीजों की परेशानी बढ़ जाती है। अगर सीने में भारीपन, थकान या चक्कर जैसी समस्या महसूस हो तो तुरंत चिकित्सक से सलाह लेनी चाहिए। युवाओं में जंक फूड, मीठे पेय और प्रोसेस्ड फूड का बढ़ता चलन इस समस्या को और गंभीर बना रहा है।