चांदा। कादीपुर मार्ग पर मधुपुरी गांव के पास बृहस्पतिवार रात तेज रफ्तार कार की सामने से टक्कर के बाद ई रिक्शा पलट गया, जिससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि एक यात्री को मामूली चोंटें आईं। हादसे के बाद दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने चालक को मृत घोषित कर दिया और यात्री को प्राथमिक इलाज के बाद घर भेज दिया।
बनभोकार निवासी देवीदीन (45) ई रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। रोज की तरह वह रात करीब 10 बजे चांदा बाजार में सवारी छोड़ने के बाद घर लौट रहे थे। ई रिक्शा पर उनके साथ गांव के ही राजकुमार सवार थे। जैसे ही वाहन मधुपुरी गांव के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई रिक्शा सड़क किनारे पलट गया।
हादसे में देवीदीन गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि राजकुमार को मामूली चोटें आईं। टक्कर मारने के बाद चालक वाहन लेकर मौके से भाग निकला। आसपास के लोगों ने तत्काल घायल देवीदीन व राजकुमार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्रतापपुर कमैचा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने देवीदीन को मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष अमित मिश्र ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
परिवार में मची चीख पुकार
देवीदीन की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक के परिवार में पत्नी अमृता और चार बच्चे सत्यम (11), अंजलि (9), अंशिका (7) और कार्तिक (5) हैं। परिवार में एक मात्र कमाने वाले की मौत से परिवार पर संकट गहरा गया है।